शहर कोतवाली क्षेत्र के बंशीबाजार मुहल्ले में मंगलवार को तड़के अज्ञात बदमाशों ने राड से मारकर सो रहे एक अधेड़ की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर उसके गले से सोने की चेन भी ले गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस अधीक्षक रामकिशोर सहित अन्य अधिकारियों ने घटना स्थल का जायजा लिया और परिवार वालों से पूछताछ की। प्रथम दृष्टया हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया है। इस मामले में मृतक के चाचा ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ शहर कोतवाली में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर के मुगलानी चक निवासी रामाधार यादव (45) का बंशीबाजार में सपा कार्यालय के सामने कटरा है। उसके बगल में ही वह मकान का निर्माण कार्य करा रहा था। रोज की तरह वह घर से खाना खाकर आया और कटरे की छत पर सो गया। भोर में तेज आंधी और बारिश के कारण वह छत से उतरकर नीचे आ गया और बेसमेंट के ऊपर चारपाई लगाकर सो गया। भोर में अज्ञात बदमाशों ने उसे लोहे की राड से सिर पर वारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके गले में मौजूद सोने की चेन लेकर भाग गए। सुबह रामाधार की पत्नी कमला अपनी पुत्री के साथ उसे जगाने पहुंची तो मच्छरदानी हटाते ही उसके होश उड़ गए। रामाधार को खून से लथपथ देखकर वह चीखने-चिल्लाने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रशांत श्रीवास्तव तथा राजेश त्रिपाठी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक रामकिशोर, एएसपी नगर लल्लन राय तथा क्षेत्राधिकारी वेदप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। परिजनों से घटना की जानकारी ली। परिवार के लोगों का कहना था कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। मृतक के चाचा रामअवतार यादव ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक के दो पुत्र एवं दो पुत्रियां हैं।
रामाधार की मौत से घर में कोहराम मच गया है। घर वाले रो-रोकर बेहाल हैं। कुछ लोगों का कहना है कि लूट केे इरादे से हत्या करने की गई है। लेकिन हत्या को लेकर अंदरखाने तरह-तरह की चरचा की जा रही है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रामकिशोर ने बताया कि घटना का खुलासा बहुत जल्द कर लिया जाएगा। इसके लिए क्राइम ब्रांच की टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है।