कोतवाली क्षेत्र के सब्बलपुर कला गांव में रविवार की सुबह करीब पौने दस बजे ब्लेड से गला काट कर 8 वर्षीय बालक की हत्या कर दी गई। बचाव में आए उसके दादा पर भी प्राणघातक हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल दादा को जिला अस्पताल मेें भर्ती कराया गया है।
वारदात को अंजाम देने वाला मृतक का ही चचेरा भाई है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के पीछे संपत्ति का लालच तथा दादा द्वारा एक ही नाती की परवरिश करने की खुन्नस मुख्य वजह बताई जा रही है। सब्बलपुर कला गांव निवासी रामनाथ बिंद सेना में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनके दो पुत्रों में एक दिनेश बिंद की पांच वर्ष पूर्व करंट लगने से मौत हो गई थी जबकि दूसरा पुत्र रमेश बिंद अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अलग रहता है। दिनेश की मौत के बाद उसकी पत्नी मीरा देवी अपने इकलौते पुत्र तेजू के साथ ससुर के साथ रहने लगी। दादा ही तेजू की परवरिश और पढ़ाई आदि का खर्च वहन कर रहे थे।
यह बात रमेश बिंद तथा उसके इकलौते पुत्र शिवमंगल को नागवार गुुजर रहा था। दादा के पैसों को लेकर उनकी कई बार झड़प भी हो चुकी थी। रविवार की सुबह करीब पौने दस बजे तेजू घर मेें खाना खा रहा था। इसी बीच उसका चचेरा भाई शिवमंगल बिंद वहां पहुंचा और ब्लेड से उसका गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के वक्त तेजृ के चीखने की आवाज सुनकर जब दादा मौके पर पहुंचा तो आरोपी ने उन पर भी जानलेवा हमला बोल दिया। ब्लेड से वार कर पत्थर से सिर कूंचने की कोशिश की। इसके चलते वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। भागते समय ग्रामीणों ने घेरेबंदी कर आरोपी को पकड़ कर पेड़ से बांध दिया और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर शव को कब्जे में ले लिया। बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गंभीर रूप से घायल रामनाथ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना पर एसपी डा. उमेश चंद्र श्रीवास्तव तथा एएसपीआरए त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और परिवारीजनों से घटना की जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एएन सिंह ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर पर आरोपी चचेरे भाई शिवमंगल बिंद पुत्र रमेश बिंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
एसपी का कहना था कि घटना की प्रारंभिक जांच में संपत्ति की लालच तथा दादा द्वारा तेजू की परवरिश किए जाने से खुन्नस ही वारदात की मुख्य वजह रही है। फिर भी पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। अलावा इसके अभी तक कोई अन्य पहलू सामने नहीं आया है।