शहर कोतवाली के मीरनापुर गांव के पास मंगलवार को दो बाइकें आमने-सामने भिड़ गईं। जिसमें एक बाइक पर सवार सेवानिवृत्त रेलकर्मी की मौत हो गई, जबकि दूसरा सवार घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया। गंभीर होने के कारण डाक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इलाके के चकजाफर गांव निवासी रेलवे के रिटायर्ड कर्मचारी सुखारी राम (62) दोपहर में किसी काम से जिला मुख्यालय बाइक से आ रहे थे। मीरनापुर गांव के पास सामने से आ रही बाइक से अचानक भिड़ गए।
हादसे के बाद दोनों बाइक जमीन पर गिर पड़े। जिसमें रेल कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरा बाइक सवार किसी तरह वहां से भाग निकला। चोट काफी गंभीर होने के कारण रिटायर्ड रेल कर्मी सुखारी राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए।
गुस्साए ग्रामीणों ने बाइक सवारों पर कार्रवाई के लिए गाजीपुर-बुजुर्गा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने किसी तरह जाम समाप्त कराया। जाम करीब आधा घंटे तक रहा। उधर, दूसरी बाइक पर सवार युवक को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। मृतक के बेटे कैलाश राम बाइक सवारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया है।