सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के जौहरगंज के पास बीते रविवार की रात संदिग्ध हाल
में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार की अस्पताल लाते समय रास्ते में ही मौत हो
गई। नंदगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शव को छोड़कर मृतक का साथी भाग
निकला। पुलिस मामले के पीछे जहां सड़क हादसे को मुख्य वजह बता रही है, वहीं
मृतक के परिवारीजनों ने सैदपुर पुलिस को हत्या की तहरीर दी गई है। शव को
कब्जे में लेकर पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
बताया गया है कि
करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के गंधपा गांव निवासी लालजी यादव (28) बीते 6
जनवरी को बड़ेसर थाना क्षेत्र के मुसेफुर गांव निवासी अपने मित्र संदीप
यादव के साथ बाइक से इलाहाबाद गया था। रविवार की रात दोनों बाइक से घर लौट
रहे थे। बाइक लालजी चला रहा था। रात करीब 9 बजे जब दोनों सैदपुर कोतवाली के
जौहरगंज के पास पहुंचे तभी संदिग्ध हाल में बाइक सड़क किनारे पुलिया से
टकरा गई जिसमें लालजी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसके साथी
संदीप ने मोबाइल से लालजी की पत्नी को हादसे की जानकारी जानकारी दिया।
बताया कि सड़क हादसे में लालजी गंभीर रूप से घायल हो गया है। इसके बाद
लालजी को लेकर संदीप सैदपुर के एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचा। हालत गंभीर
देख चिकित्सक ने घायल के परिवार वालों से बात की और और गाड़ी मंगवाकर घायल
को जिला अस्पताल भेजवाया। लेकिन जिला अस्पताल न आकर घायल लालजी का साथी
उसे लेकर नंदगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। इस बीच लालजी की मौत हो
चुकी थी।
आरोप है कि मृतक को बेड पर लिटाकर वह वहां से भाग निकला। वापस
पहुंचने पर गाड़ी के चालक ने चिकित्सक को इस बात की जानकारी दिया कि घायल
को उसका साथी नंदगंज स्वास्थ केंद्र ले गया। इसकी जानकारी चिकित्सक ने
लालजी के परिवारीजनों को दी।
आनन-फानन में परिजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
नंदगंज पर पहुंचे तो देखा कि लालजी मृत अवस्था में पड़ा था। लोगोें ने
तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे
में ले लिया। इस मामले में मृतक के भाई रामाश्रय ने सैदपुर कोतवाली में
तहरीर दी। तहरीर में उसने आरोप लगाया है कि साजिशन उसके भाई की हत्या की गई
है।
इस संबंध में सैदपुर के कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरेराम
मौर्या ने बताया कि मौका मुआयना करने पर यह बात सामने आ रही है कि पुलिया
से बाइक के टकराने पर गंभीर रूप से घायल होने की दशा में ही लालजी की मौत
हुई है, लेकिन मृतक के भाई द्वारा दिए गए तहरीर के आधार पर मामले की जांच
कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।