शहर कोतवाली अंधऊ पावर हाउस के पास रविवार की सुबह ट्रक ने बाइक सवार महिला को टक्कर मारने के बाद कुचल दिया, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला जिला अस्पताल लाया गया। वहीं घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने गाजीपुर-मऊ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और शव को कब्जे में लिया।
शहर के तेलपुरवा निवासी इम्तियाज का पुत्र चुन्नू राईनी अपनी बाइक से मां हसीना बेगम (45) को लेकर जंगीपुर किसी काम से गया था। वहां से घर लौट रहा था। इसी दौरान अंधऊ के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दिया। इसमें बाइक सहित दोनों गिर पड़े। ट्रक हसीना बेगम को रौंदता हुआ आगे निकल गया।
मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने घटनास्थल पर गाजीपुर-मऊ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। जाम की जानकारी होते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद शव को कब्जे में ले लिया। करीब एक घंटे तक चले जाम की वजह से मार्ग वाहनों की लंबी लाइन लग गई। दूसरी ओर से घटना की खबर मिलते ही मृतका के घर कोहराम मच गया। लोग चीख-पुकार करने लगे। पास-पड़ोस के लोग उन्हें सांत्वना देने में जुटे रहे।