पड़ोसी घर के पास मिली लापता मासूम की लाश
खानपुर थाना क्षेत्र के खानपुर गांव की राजभर बस्ती में रविवार शाम से लापता छह वर्षीय बच्चे शिवा की लाश सोमवार सुबह पड़ोसी के घर के पास पाई गई। परिवार के लोगों ने पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका जताई है। पिता जयप्रकाश राजभर की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का नामजद केस दर्ज किया है।
जयप्रकाश राजभर का बेटा शिवा रविवार शाम गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। देर शाम तक जब शिवा के माता-पिता खेत में गेहूं मड़ाई का काम कर घर लौटे तो देखा कि शिवा नहीं है। काफी देर बाद भी बच्चे के वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग परेशान हो गए।
घरवालों ने आसपास पूछताछ की लेकिन शिवा का पता नहीं चला। जयप्रकाश राजभर खानपुर बाजार में पान की दूकान चलाता है। सोमवार की भोर में पड़ोसी श्यामसुंदर ने जयप्रकाश को बताया कि उसके घर के सामने शिवा की लाश पड़ी है। इसकी जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया।
परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी होने पर खानपुर थानाध्यक्ष राहुल शुक्ला पहुंचे और छानबीन कर शव को कब्जे में ले लिया। मौके पर एसपी सिटी और कई थानों की पुलिस पहुंच गई। डॉग स्क्वायड भी पहुंचा।
थानाध्यक्ष खानपुर ने बताया कि पिता जयप्रकाश की तहरीर पर श्यामसुंदर, उसके पुत्र राघवेंद्र और रंजीत के खिलाफ हत्या तथा अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार होंगे।