रेवतीपुर थाना क्षेत्र के तेजमल राय पट्टी में सोमवार की रात शादी के दौरान
लाइसेंसी असलहे से की गई फायरिंग में गोली लगने से दूल्हे के फुफेरे भाई
की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने आननफानन में मृतक का अंतिम संस्कार कर
दिया और शादी की रस्म किसी तरह पूरी की गई। सुबह मामले की जानकारी पर पुलिस
छानबीन में जुट गई।
सादात थाना क्षेत्र के डोरा गांव निवासी अशोक राय
के पुत्र अमित की शादी रेवतीपुर थाना क्षेत्र के तेजमल राय पट्टी निवासी
श्रीनारायण राय की पुत्री रत्ना से 15 दिसंबर को तय थी। सोमवार की रात
बारात वधू पक्ष के यहां पहुंची। द्वारपूजा के बाद शादी का कार्यक्रम शुरू
हुआ।
इसी बीच बाराती पक्ष का एक युवक अपनी लाइसेंसी असलहे से फायरिंग करने
लगा। मंडप में मौजूद लोगों ने उसे मना भी किया लेकिन वह नहीं माना। इसी बीच
एक गोली असलहे में फंस गई और वह उसे निकलाने लगा। इसी दौरान अचानक गोली चल
गई जो बगल में बैठे दूल्हे के फुफेरे भाई राकेश राय (45) को पेट में लग
गई। आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अछीछी गांव का राकेश गोली
लगते ही गिरकर छटपटाने लगे। इससे वहां अफरातफरी मच गई।
आनन-फानन में राकेश
को लेकर लोग वहां से लेकर चले गए। मंडप में सिर्फ दूल्हा और उसके परिवार के
गिने-चुने लोग रह गए। परिवार वालों ने आनन-फानन में शादी की रस्में पूरी
की। सुबह लड़की पक्ष के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने
लड़की के परिवार वालों से पूछताछ करने के साथ ही मामले की छानबीन करने के
बाद घटना से सादात पुलिस को अवगत कराया।
सादात पुलिस डोरा गांव में गोली
चलाने वाले युवक की तलाश में छापेमारी की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इस
संबंध में रेवतीपुर थानाध्यक्ष रामबहादुर सिंह ने बताया कि छानबीन में पता
चला है कि गोली लगने वाले व्यक्ति की मौत हो चुकी है। परिवार के लोगों ने
उसका वाराणसी में अंतिम संस्कार भी कर दिया है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से
कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।