शहर कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार की रात चोर तीन दूकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए का कपड़ा, टायर तथा पांच सौ रुपए उठा ले गए। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मामले की जानकारी ली। इस मामले में दूकानदारों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
मियांपुरा मुहल्ला निवासी मणि कुमार चौधरी की स्टेशन-फुल्लनपुर रोड पर कपड़े की दूकान है। वह रोज की तरह रात में दूकान बंद कर घर चला गया। देर रात चोर दूकान के फाटक का ताला तोड़कर भीतर घुस गए। इसके पहले चोरों ने मकान मालकिन श्याम प्यारी देवी के घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। चोर दूकान में रखी करीब पांच लाख रुपए की साड़ी और काउंटर में रखा पांच सौ रुपए नगद उठा ले गए। इसके बाद चोर स्टेशन रोड पर रवि प्रकाश के कपड़े की दूकान का ताला तोड़कर उसमें से कुछ कपड़े उठा ले गए। चोरों ने विशेश्वरगंज में बाइक मैकेनिक राजू मिस्त्री की दूकान का भी ताला चटका दिया। गैराज का ताला तोड़कर 21 बाइक के टायर एवं डिग्गी उठा ले गए।
सुबह पास के लोगों ने इन दूकानदारों को ताला टूटने की सूचना दी। तीनों दूकानदार अपनी दूकान पर पहुंचे तो देखा कि ताला टूटा हुएआ है और भीतर का सामान इधर-उधर बिखरा हुआ है। देखा तो कीमती सामान गायब था। चोरी की जानकारी होते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चोरी के संबंध में जानकारी की।
इस मामले में पीड़ित दूकानदारों ने कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दिया है। आए दिन शहर क्षेत्र में हो रही चोरियों से लोगों में दहशत व्याप्त है। लोगों का कहना है कि पुलिस एक का भी खुलासा नहीं कर पा रही है तब तक चोरी की दूसरी घटना हो जा रही है। चोरों की जगह पुलिस की ठेला-खोमचा वालों पर त्योरी चढ़ी हुई है। इस संबंध में सीओ वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि चोरी की जानकारी हुई है। जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा। गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।