सराहां (सिरमौर)। वन भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं। वन विभाग ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। ताजा घटनाक्रम में वन विभाग की एक टीम ने सराहां के अंतर्गत आने वाले कसौटा रैंज के टटियाणा बीट में लगभग 15 बीघा भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया। भूमि पर बने एक मकान को भी विभाग की टीम ने गिरवाया। उधर, विभाग की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार टटियाणा बीट के सियांरी-जटाली गांव के समीप कुछ लोगों ने अवैध कब्जे कर रखे थे। लगभग 13 बीघा भूमि पर खेती-बाड़ी की जा रही थी। जबकि दो बीघा भूमि पर मकान बनाया गया था। वन विभाग के आरओ दसोंदी लाल, बीओ सुंदर सिंह, वन रक्षक इंद्र सिंह, कमलेश कुमारी, वन कर्मी बिशन सिंह, कंठी राम मौके पर गए और कब्जों को हटाया।
आरओ दसांदी लाल ने बताया कि यह कार्रवाई माननीय उच्च न्यायालय के आदेश पर की गई है। उन्होंने बताया कि विभाग ने अवैध कब्जे वाली भूमि में विभाग की बाड़बंधी कर दी है। जबकि वन भूमि पर बनाए गए मकान को भी गिराया गया है। उनके अनुसार इस भूमि पर चार लोग खेती बाड़ी कर रहे थे। जबकि एक ने मकान बना रखा था।
-------------------