सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के भीमापार बाजार में गुरुवार की रात शार्टसर्किट
से एक कपड़े की दूकान में आग लग गई। जब तक लोगों ने आग को शांत किया, तब तक
15 हजार नकदी सहित लाखों का सामान खाक हो गया। जानकारी होने पर पुलिस और
लेखपाल मौके पर पहुंचे।
भीमापार निवासी भरत गुप्त की भीमापार बाजार में
कपड़े की दुकान है। गुरुवार की देर शाम दूकान बंद कर वह बगल में स्थित
मकान में सो गए। रात करीब 3 बजे शार्टसर्किट से दूकान में आग लग गई। कपड़े
जलने की गंध से भरत की नींद टूट गई। बाहर निकलकर उसने देखा तो दूकान से
धुआं निकल रहा था।
यह देखकर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर
पास-पड़ोस के लोगों की भी आंखें खुल गई और वे जुट गए। दूकान में लगी आग को
बुझाने केे लिए लोग बाल्टी, डिब्बा आदि लेकर हैंडपंप की ओर दौड़ पड़े। करीब
एक घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने आग बुझाई।
आग इतनी भयंकर थी कि
उसे बुझाने के काफी देर बाद तक जले कपड़ों से धुआ निकलता रहा। पीडि़त भरत
ने बताया आग की इस घटना में 15 हजार नकद सहित करीब ढाई लाख के कपड़े खाक
में मिल गए। मौके पर पहुंचे लेखपाल ने पीडि़त से बातचीत कर घटना के संबंध
में जानकारी ली।