भांवरकोल। थाना क्षेत्र के वीरपुर निवासी कक्षा एक की छात्रा की गुरुवार की सुबह प्राथमिक विद्यालय शेरपुर के अंदर एक युवक ने पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गई। उसका उपचार प्राइवेट चिकित्सक से कराया गया। पुलिस ने मामले की छानबीन की।
क्षेत्र के वीरपुर निवासी ओमप्रकाश राम की पुत्री रंजना कुमारी (08) प्राथमिक विद्यालय वीरपुर में कक्षा एक की छात्रा है। गुरुवार की सुबह करीब नौ बजे वह स्कूल पहुंची थी। इसी बीच गांव का एक 22 वर्षीय युवक वहां पहुंचा और रंजना को खींचकर कक्षा में ले गया और उसकी बेरहमी से पिटाई करने लगा, जिससे वह चिल्लाने लगी। इसी बीच वहां पहुंची आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सीता उपाध्याय, राजकुमारी गुप्ता, रसोइया लालसा देवी और गांव के एक युवक ने बालिका को युवक के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद मारपीट करने वाला युवक वहां से फरार हो गया। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रसोइए के साथ ही पीड़िता छात्रा से घटना के संबंध में पूछताछ की। जानकारी होने पर छात्रा के परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए और छात्रा को उपचार के लिए प्राइवेट चिकित्सक के पास ले गए। पुलिस ने बताया कि जांच-पड़ताल में यह बात सामने आई है कि मारपीट करने वाला युवक की मानसिक हालत ठीक नहीं है। छात्रा के परिवार वालों या विद्यालय की तरफ से तहरीर मिली तो मामले की छानबीन करते हुए मारपीट करने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में भांवरकोल के खंड शिक्षाधिकारी जयराम ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि विद्यालय समय में मारपीट की घटना हुई होगी तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी जाएगी।