गाजीपुर। नोनहरा पुलिस ने रविवार की रात हैंसी पारा गांव के बाहर चोरी की योजना बना रहे पांच बाइक चोरों को धर दबोचा और गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया। पकड़े गए बाइक चोरों की निशानदेही पर एक चोरी की बाइक भी बरामद कर ली। सोमवार को पुलिस ने पकड़े गए बाइक चोर गिरोह के पांच सदस्यों का चालान कर जेल भेज दिया।
पुलिस कप्तान सोमेन वर्मा के निर्देश पर अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए नोनहरा थानाध्यक्ष श्यामबाबू अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उनको सूचना मिली कि हैंसी पारा गांव के बाहर पांच की संख्या में कुछ युवक किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने जब मौके पर पहुंच कर घेराबंदी कर मौजूद युवकों को दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि बाइक चोरी कर बेचने का काम करते हैं। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने बीते 28 अप्रैल को आरीपुर चट्टी से चोरी गई बाइक भी बरामद की। इस दौरान पूछताछ में पकड़े गए चोरों ने अपना निवास नोनहरा थाना क्षेत्र के बवाड़ा गांव निवासी मिशलेश, सूरज, मोनू, श्यामसुंदर बताया। जबकि एक चोर ने अपना नाम मरदह थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव निवासी धर्मेंद्र बताया। पुलिस ने पकड़े गए बाइक चोरों का चालान कर जेल भेज दिया।