दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के चौहान मार्केट में स्थित यूनियन बैंक की शाखा में शुक्रवार की दोपहर फुटकर लेने का झांसा दे एक उचक्का एक व्यक्ति से चार हजार दिया और 36 हजार लेकर चंपत हो गया। पीड़ित की सूचना पर बैंक पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरा का फुटेज देखकर उचक्के की तलाश में जुट गई है।
इलाके के बहलोलपुर निवासी चंद्रिका सिंह यादव शुक्रवार की दोपहर चौहान मार्केट में स्थित यूनियन बैंक की शाखा में पैसा जमा करने के लिए आया था। वह फार्म भरकर 40,000 जमा करने के लिए जैसे ही कैश काउंटर की तरफ बढ़ा। अंदर मौजूद एक उचक्का युवक ने रोक लिया। कहा कि चाचा मुझे फुटकर की जरूरत है। आप मुझसे बड़े नोट ले लीजिए और फुटकर दे दीजिए। चंद्रिका उक्त उचक्के के झांसे में आ गए और फुटकर देने को राजी हो गए। उचक्के ने एक दो हजार का नोट ऊपर लगाकर, नीचे सौ-सौ का नोट लगाकर चार हजार दे दिया और चंद्रिका से 40,000 लेकर बैंक से बाहर निकल गया। चंद्रिका ने जब कैशियर को जमा पर्ची और पैसा दिया, तो कैशियर ने कहा कि पर्ची में जमा राशि 40,000 हजार है और पैसा सिर्फ चार हजार है। इतना सुनते ही चंद्रिका के होश उड़ गए और वह चिल्लाते हुए उक्त व्यक्ति को पकड़ने के लिए बैंक से बाहर निकला, लेकिन उचक्के का कहीं पता नहीं चला। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। इस संबंध में थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी ने बताया की पीड़ित ने सिर्फ सूचना दी है, तहरीर नहीं है। फिर भी मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। उचक्के को पकड़ने के लिए बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देखा गया है।