बहरियाबाद(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के उकरांव निवासी अंगद राम की अपाची बाइक और दो मोबाइल फोन लूट के मामले का तीन दिन बाद तक खुलासा नहीं हो सका है। बाइक सवार बहरियाबाद बाजार से रात में घर लौट रहा था। पुलिस इस मामले में लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक वाहन लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला है।
सैदपुर-चिरैयाकोट मार्ग पर बीते शनिवार को उकरांव गांव अंतर्गत संत निरंकारी भवन के पास साथ-साथ चल रहे बाइक सवार बदमाशों ने अंगद राम अपाची बाइक को रोका था। इसके बाद बाइक की चाबी निकाल ली थी। बाइक बंद होने पर बदमाशों ने तमंचे से आतंकित कर अंगद की बाइक और उसके पास मौजूद दो मोबाइल फोन भी छीन कर फरार हो गए थे। पीड़ित ने घटना की जानकारी पास में स्थित टेंट हाउस संचालक सोनू को दी थी और उसकी बाइक से वह बदमाशों का पीछा करने लगा था। बदमाश बहरियाबाद की तरफ भाग रहे थे और पीछा कर रहे अंगद की बाइक एक कुत्ते से जा टकराई गई थी और वह गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और जानकारी लेने के बाद छानबीन शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि बाइक लूट कांड का खुलासा करने के लिए पुलिस तत्परता से लगी है। लुटेरों का सुराग तलाशने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना का बहुत जल्द खुलासा किया जाएगा।