दिलदारनगर (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सायर माता मंदिर के पास सोमवार की सुबह मालगाड़ी की जद में आने से एक युवक की मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय प्लेटफार्म नंबर-तीन के किनारे एक युवक ट्रेन के इंतजार में खड़ा था। इसी बीच सुबह करीब आठ बजे अचानक तेज रफ्तार मालगाड़ी वहां से गुजरी और युवक ट्रेन की जद में आ गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां यात्रियों की भीड़ जुट गई। सूचना पर मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया। मृतक की जेब से मिले कागजात से उसकी पहचान कानपुर के आवास- विकास थाने के नवबस्ता निवासी रितेश गुप्ता (26) के रूप में की गई। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। इस संबंध में रेलवे पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पिछले एक माह से रितेश गुप्ता दिलदारनगर बाजार में अपनी बहन के यहां रह रहा था। उधर मौत की सूचना मिलते ही मृतक की बहन के परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए थे। शव पर नजर पड़ते ही वह बिलखने लगे।