दुबिहा (गाजीपुर)। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के गोड़उर पुलिया के पास शनिवार की देर रात एक किराना दुकानदार से हुई लूट के मामले में पुलिस दो संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ कर रही है। रविवार को पीड़ित ने एक नामजद सहित चार अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
गोड़उर गांव निवासी सुधीर गुप्ता की दुबिहा बाजार में किराना की दुकान है। रोज की तरह दुकानदार देर शाम अपनी दुकान बंदकर बाइक से घर जा रहा था। जैसे ही वह गोड़उर पुलिया के पास पहुंचा। पहले से घात लगाए पांच नकाबपोश बदमाशों ने किराना दुकानदार को रोक लिया। अभी दुकानदार कुछ समझ पाता बदमाश तमंचे की मुठिया से प्रहार कर 10 हजार नगदी, मोबाइल और बाइक लूटकर तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने किसी तरह थाने पर पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी होने के बाद पुलिस पीड़ित को लेकर घटना स्थल पर आई और छानबीन शुरू कर दी। देर रात पुलिस ने दो संदिग्धों को इस मामले में हिरासत लेकर पूछताछ शुरू कर दी। सुबह पहुंचे पीड़ित किराना दुकानदार ने एक नामजद सहित चार अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर छानबीन में जुटी हुई है। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी गई है।