जमानिया (गाजीपुर)। दरौली रेलवे स्टेशन के पास रविवार देर शाम अप गुवाहटी दादर एक्सप्रेस से एक युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए वाराणसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के रामपुर फुफुआंव निवासी एकबाल खां का पुत्र सैफ अली खां उर्फ टीपू (18) अप गुहाटी दादर एक्सप्रेस ट्रेन से देर शाम कहीं जा रहा था। इसी दौरान दरौली रेलवे स्टेशन के पास अचानक ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर लोगों को भीड़ एकत्र हो गई। भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने सैफ को पहचान लिया और दुर्घटना की सूचना उसके परिवार वालों को दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में सैफ को निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते समय बीच रास्ते में ही सैफ की मौत हो गई। परिजनों ने मौत की सूचना पुलिस को नहीं दी। देर रात शव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। इस संबंध में कोतवाल राजा राम ने बताया कि ऐसी किसी घटना की जानकारी उन्हें नहीं मिली है। ब्यूरो