जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के तियरी गांव निवासी गुड़िया की धारदार हथियार से की गई हत्या से परिवार के साथ ही गांव वाले दंग हैं। घटना को लेकर चर्चाएं होती रहीं, लेकिन सभी इस बात को जानना चाह रहे थे कि आखिरकार किसने गुड़िया की हत्या कर दी। इसके पीछे का रहस्य किसी को समझ में नहीं आ रहा है। पुलिस अब साइलेंट किलर की तलाश में जुट गई है।
रोज की तरह मंगलवार की सुबह भी पियरी गांव का वातावरण पूरी तरह से शांत था। कोई खेत पर काम करने के लिए निकला था, तो कोई मवेशियों को चारा डाल रहा था। अधिकांश महिलाएं चूल्हा-चौका में जुटने की तैयारी में थी। इसी बीच गांव में यह शोर उठा कि गांव स्थित झुरमुट (बांस के कोठ) में सचनू राजभर की बेटी गुड़िया खून से लथपथ बेहोश पड़ी है। उसके हाथ-पैर बंधे हुए हैं। खबर जिस किसी के कान में पहुंची, वह मौके की तरफ दौड़ पड़ा। किशोरी को उपचार के लिए सीएचसी फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जाते समय रास्ते में गुड़िया ने दम तोड़ दिया। जानकारी होते ही थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक ने मौका मुआयना कर मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। घटना को लेकर ग्रामीणों में चर्चा होती रही। लोगों की चर्चाओं में यह बात प्रमुखता से शामिल थी कि आखिरकार गुड़िया पर किन कारण से चाकू से वार किया गया और ऐसी निर्ममता का कार्य किसने किया होगा ? घटना को लोग अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं। कोई यह तर्क लगा रहा था कि शायद गुड़िया के साथ किसी ने छेड़खानी करने की कोशिश की हो और विरोध करने पर उक्त व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई हो। कुछ लोग उसके साथ दुष्कर्म करने और साक्ष्य छुपाने के लिए हत्या करने की बात कर रहे थे। कुछ लोगों द्वारा एकतरफा प्यार की भी आशंका जताई जा रही है। गुड़िया पर अनावश्यक रूप से दबाव के कारण ऐसी घटना हुई हो। कुल मिला कर कातिल पुलिस के फंदे में आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गुड़िया का कत्ल किन कारणों से हुआ है, लेकिन ग्रामीण उसके कत्ल को लेकर तरह-तरह का तर्क दे रहे हैं।