सेवराई/गहमर (गाजीपुर)। गहमर थाना क्षेत्र के सायर गांव में जमीन विवाद को लेकर मंगलवार की सुबह दो भाइयों में जमकर मारपीट हुई। इस मारपीट में दोनों पक्षों से 12 लोग घायल हो गए। उन्हें सीएचसी भदौरा ले जाया गया। इस मामले में दोनों पक्षों की तरफ से थाने में तहरीर दी गई है।
सायर गांव निवासी महेंद्र चौधरी की पैतृक जमीन का विवाद बड़े भाई मुन्ना चौधरी के साथ विगत कई वर्षों से चल रहा है। पंचायत में सुलहनामे के बाद दोनों जमीनों पर रेखांकित कर जमीन का बंटवारा कर दिया गया। एक पक्ष की तरफ से जमीन पर मकान का निर्माण कराया जा रहा था। इसी बीच सुबह करीब आठ बजे दूसरे पक्ष ने विरोध जताया। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना डायल-100 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। इस मारपीट में दोनों पक्षों से महेंद्र चौधरी, लक्ष्मीना देवी, अनीता, सुनीता, गोविंद, जनार्दन, शिवनाथ, मुन्ना, मनोज, विमला, पुष्पा, सीमा घायल हो गए। पुलिस सभी को थाने ले आई। इसके बाद भदौरा सीएचसी भेजवाया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि इस मामले में दोनों तरफ से चार-चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।