राष्ट्रीय राजमार्ग के क्षतिग्रस्त होने के बाद ट्रक संचालक अब ताजपुर-ढढ़नी संपर्क मार्ग का प्रयोग करने लगे। इससे संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त होने लगा। बेटाबर गांव के पास लगे हाइट बैरियर को एक ट्रक ने धक्का मार कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे घंटों आवागमन बाधित रहा।
ताजपुर-ढढ़नी संपर्क मार्ग पर लगाए गए हाइट बैरियर को अज्ञात ट्रक ने धक्का मार दिया। इससे वह बैरियर क्षतिग्रस्त हो गया और मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थम गई। आस-पास के लोगों ने जिला पंचायत सदस्य बसंत यादव को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य ने पूरी जानकारी अधिशासी अभियंता सुनील सागर को दी। ग्रामीणों की सहायता से सड़क पर तिरछा हुए हाइट बैरियर के ऊपर का लोहा कड़ी मशक्कत के बाद खोलकर हटाया गया तब कहीं जाकर आवागमन सुचारू रूप से चालू हुआ। मालूम हो कि एनएच 97 (24) के क्षतिग्रस्त होने के बाद से इसी मार्ग का प्रयोग गाजीपुर जाने के लिए छोटे वाहनों द्वारा किया जाता है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता सुनील सागर ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर ताजपुर गांव के पास भी हाइट बैरियर लगा दिया जाएगा। वहीं बेटाबर गांव के पास ट्रक द्वारा क्षतिग्रस्त हुए हाइट बैरियर को जल्द दुरूस्त करा दिया जाएगा।