सुहवल। थाना क्षेत्र के गरूआ मकसूदपुर गांव के पास बुधवार की सुबह जमानिया- गाजीपुर- सैय्यदराजा राष्ट्रीय राजमार्ग -24/97 पर बाइक से किसी रिश्तेदारी में जा रहे एक युवक की बोल्डर लदे ट्रक की चपेट में आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कोहरे का फायदा उठाकर मौके से वाहन समेत फरार हो गया। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल राजमार्ग को जगह-जगह पत्थर, लकडी आदि रखकर पूरी तरह से अवरुद्ध कर दिया। इस कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब चार घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। मृतक के चाचा चुनमुन यादव ने सुहवल थाने में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है।
इलाके के वजीराबाद निवासी रमाकांत यादव उर्फ बाचा सुबह अपने घर से बाइक लेकर एक महिला को परीक्षा दिलाने निकला था, वह गरुआ मकसूदपुर स्थित डिग्री कालेज के पास पहुंचा ही था कि गति अवरोधक पर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह गिर गया। पीछे से गाजीपुर जा रहा बोल्डर लदे ट्रक ने उसे रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने मार्ग अवरुद्ध कर जाम लगा दिया। घटना के बाद जमानिया एसडीएम विनय गुप्ता, सेवराईं एसडीएम मोहम्मद कमर, जमानियां कोतवाल, रेवतीपुर थानाध्यक्ष, नगसर थानाध्यक्ष, मोहम्दाबाद कोतवाल, क्यूआरटी, सुहवल थानाध्यक्ष, कोतवाली पुलिस समेत अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुँच गई तथा स्थिति को निंयत्रण में करने के बाद जाम को समाप्त कराया।
उधर युवक जब परीक्षा दिलाने रिश्तेदारी में समय से नहीं पहुंचा तो परीक्षा छूटते देख रिश्तेदारों ने उसके घर फोन करना शुरू किया। घर वालों ने बताया कि वह काफी देर पहले निकला था। इसके बाद उसके मोबाइल पर फोन किया गया, तब एक अनजान व्यक्ति द्वारा फोन रिसीव करने पर जबाब दिया गया कि उसकी तबीयत खराब है इतना सुनते ही किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी, भागकर सभी लोग मौके की तरफ पहुंचे। देखा की युवक की मौत हो चुकी है, ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की शादी अभी कुछ वर्ष पहले क्षेत्र के युवराजपुर गांव में हुई थी। मृतक का एक तीन साल का बेटा हर्षित है। मृतक की पत्नी समेत अन्य लोगों का रो- रो कर बुरा हाल है। मृतक अपने तीन भाईयों में सबसे छोटा था। अन्य दो भाई श्रीकांत और उमाकांत सेना में कार्यरत हैं। जबकि उसके पिता मेवा यादव सेना से ही अवकाश प्राप्त है। पुलिस ने देर शाम पोस्मार्टम के उपरांत उसके शव को परिजनों को सौंप दिया। सीओ जमानिया तेजवीर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर ट्रक सहित चालक की तलाश की जा रही है। शव के पोस्टमार्टम के बाद उसे उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।
...