सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के गहमर गांव के पूर्वी छोर पर रविवार की देर शाम स्कार्पियो की टक्कर से साइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद अनियंत्रित स्कार्पियो सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई। उसमें सवार लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। शव को कब्जे में लेकर पुलिस शिनाख्त में जुट गई।
मालूम हो कि रविवार की शाम लगभग छह बजे करीब तीस वर्षीय एक युवक साइकिल से बारा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान गहमर गांव के पूर्वी छोर पर एक लाइन होटल के पास बारा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई। उसमें सवार लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल होने से साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी होते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों से पूछताछ करने के बाद शव के साथ ही स्कार्पियो वाहन को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।