सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के कर्मनाशा नदी के पास ट्रेन के गेट पर खड़ा होकर यात्रा कर रहा एक किशोर रविवार की दोपहर विद्युत खंभे से टकराते हुए नदी में गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार के लोग जैसे ही शव लेकर घर पर आए, कोहराम मच गया।
मालूम हो कि गहमर गांव निवासी अजय चौरसिया का पुत्र दिव्यांशु चौरसिया (14) बक्सर बिहार में रहकर कोचिंग करता था। बसंत पचंमी की छुट्टी होने पर वह अपने चाचा के लड़के के साथ ट्रेन से घर लौट रहा था। ट्रेन में भीड़ होने की वजह से वह गेट पर खड़ा था। दोपहर में जैसे ही ट्रेन कर्मनाशा नदी पर पहुंची, अनियंत्रित होकर दिव्यांशु ट्रेन संचालन के लिए लगाए गए विद्युत खंभा से टकराते हुए नदी में गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जैसे ही ट्रेन के गार्ड की निगाह गिरते हुए किशोर पर पड़ी, उसने ट्रेन को रोक दिया। साथ मौजूद दिव्यांशु के चाचा के पुत्र ने तत्काल घटना की जानकारी परिवार वालों को दी। कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोग शव लेकर घर चले गए। इस घटना से घर में कोहराम मच गया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी, लेकिन परिवार के लोग शव लेकर घर चले गए थे।