मनिहारी। शादियाबाद थाना क्षेत्र के सरायगोकुल गांव में गुरुवार की सुबह चारा मशीन चलाने के लिए केबल खींचने के दौरान एक किसान करेंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिवार के लोगों ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव पहुंचते ही घर में कोहरम मच गया।
सरायगोकुल गांव निवासी बृजेश यादव (40) पुत्र दुईज यादव गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे चारा काटने के लिए मशीन में विद्युत कनेक्शन जोड़ने के लिए केबल जोड़ रहा था। तभी करेंट की चपेट में आ गया। आवाज सुनकर परिवार के सदस्य दौड़कर मौके पर पहुंच गए और तत्काल लाइन को कट कर दिया। हालांकि इस बीच बृजश गंभीर रूप से झुलस चुका था। परिवार के सदस्य बृजेश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही परिजन शव लेकर घर पहुंचे, वहां कोहराम मच गया। परिवार के लोग दहाड़े मारकर रोने लगे। घटना से गांववासियों में शोक की लहर दौड़ गई। इस बीच मौके पर पहुंचे लोग घर वालों को ढांढ़स बंधाने में जुट गए। पति की मौत से पत्नी सोना बदहवास थी। लोगों द्वारा लाख सांत्वना देने के बाद भी उसके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। वह रोते-रोते कभी पूरी तरह से शांत हो जा रही थी, तो कभी अपने बच्चों बिट्टू (14) और पुत्र पूनम (12) का चेहरा देख दहाड़े मारकर रोने लग रही थी। बिलखते हुए वह दुर्घटना के लिए बार-बार ऊपर वाले की दुहाई दे रही थी। उसकी इस व्यथा को सुन मौजूद लोगों की आंखें भी छलछला गई थी। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि ऐसे किसी घटना की न तो किसी ने सूचना दी है और न ही कोई तहरीर मिली है।