जनपद के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बदमाशों ने सोमवार की देर रात तमंचे से डराकर एक मोबाइल लूटने के साथ ही ट्रैक्टर-ट्राली पर बालू लादकर फरार हो गए। घटना की जानकारी होते ही पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर काफी चर्चा है कि अब बदमाश बालू तक लूटने का काम कर रहे हैं।
जमानिया संवाददाता के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के दरौली गांव के पास स्थित चट्टी पर वेल्डिंग की दुकान पर सोए दुकानदार आसिम खां को देर रात करीब 12 बजे दर्जनभर लोग एक ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और पास की दुकान के सामने निर्माण के लिए गिरे बालू को ट्राली पर लादने लगे। आवाज सुनकर जब आसिम खां की नींद टूटी तो बदमाशों ने पकड़ाने के डर से उसे मारना-पीटना शुरू कर दिया। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसकी मोबाइल भी छीन लिए। करीब आधे घंटे तक बालू लादने के बाद बदमाश मुहम्मदपुर गांव की ओर निकल गए। घटना से घबड़ाए वेल्डिंग दुकानदार देर रात प्रधान के घर पहुंचा और घटना की जानकारी दी। ग्राम प्रधान ग्रामीणों के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। इस संबंध में कोतवाल राजा राम ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। जिस पर मौका मुआयना किया गया है। तहरीर नहीं मिली है। ट्रैक्टर ट्राली को खोजने का प्रयास किया जा रहा है। जखनिया के क्षेत्राधिकारी आरबी सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की छानबीन की जा रही है। समुनहर निवासी मनीष शर्मा रात को शौच के लिए जा रहे थे। इसी बीच पहले से दो बदमाश तमंचे के बल पर मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।