गाजीपुर। कासिमाबाद थाने की पुलिस को मंगलवार की रात बड़ी सफलता मिली। क्राइम ब्रांच की टीम ने दो इनामिया सहित चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। उनके पास पिस्टल, तमंचा, कारतूस के साथ ही बाइकें और मोबाइल बरामद की। पुलिस आफिस में आयोजित प्रेसवार्ता में अभियुक्तों को पेश करते हुए पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि गिरफ्त में आए लुटेरों के खिलाफ कासिमाबाद के साथ बड़ेसर थाना में लूट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 17 मई को जगदीशपुर नहर के पास एक सहज जनसेवा केंद्र के संचालक से 18 हजार नकदी, लैपटाप, चेकबुक आदि की और 24 मई को दुकान से घर लौटते समय सराफ अनुप वर्मा से राजापुर कला गांव के पास लूट तथा 13 जून को कासिमाबाद थाना क्षेत्र के ही बाजार में दुकानदार संतलाल वर्मा के ऊपर जानलेवा हमला किया था। पीड़ितों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पु लिस बदमाशों की गिरफ्तारी में जुट गई थी। रात में डाली पुलिया के पास प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव और क्राइम ब्रांच प्रभारी धर्मवीर सिंह अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान करीब दस बजे दो बाइकों पर सवार चार लोग आते दिखाई दिए। पास आने पर जैसे ही पुलिस ने रुकने का इशारा किया, फायर करते हुए भागने के लिए बाइक घुमाने लगे। एक बाइक फिसलकर गिर गई। इस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बाइक सवार बदमाशों को घेरेबंदी कर पकड़ लिया। उनके पास से एक 32 बोर का पिस्टल, तीन कारतूस, दो 315 बोर का तमंचा सात कारतूस, दो बाइकों के साथ ही एक लूट का मोबाइल बरामद किया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार में कासिमाबाद थाना क्षेत्र राजापुर कला गांव निवासी अभिषेक यादव उर्फ मंगला, बड़ेसर थाना के परसपुर निवासी निखिल यादव उर्फ शेरा, कासिमाबाद के मरदानपुर निवासी परमवीर यादव उर्फ सोनू तथा बड़ेसर थना के न्यायीपुर निवासी ओमप्रकाश है। इनके खिलाफ कासिमाबाद के साथ ही बड़ेसर थाना में लूट सहित अन्य कई आपराधिक मामले दर्ज है। अभिषेक और निखिल की गिरफ्तारी के लिए 15-15 हजार इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक और क्राइम ब्रांच प्रभारी के साथ क्राइम ब्रांच के विजय यादव, उप निरीक्षक जयप्रकाश यादव, संजय पटेल, बासुदेव म श्रिा, संजय प्रसाद, आशुतोष सिंह, रामप्रताप सिंह, सलीमुद्दीन, विकास श्रीवास्तव, दिनेश यादव, विकाससिंह, नीरज सिंह शामिल थे।