नांगल चौधरी। मंगलवार रात लगभग एक बजे बाद पुलिस की नाक के नीचे से नांगल चौधरी के सबसे व्यस्त मार्केट गांधी बाजार में बनी एक ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोर दुकान में रखी तिजोरी समेत सोने चांदी के लाखों रुपये की कीमत के जेवरात चोरी कर ले गये। सूचना पाकर मौके पर पंहुची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि इस बाजार में से रोजाना सुबह और शाम सबसे ज्यादा पुलिस का आवागमन बना रहता है। बावजूद इसके इतनी बड़ी चोरी की वारदात लोगों के लिए चर्चा का विषय बन गई है।
जानकारी के अनुसार नांगल चौधरी गांधी बाजार में सुनील कुमार सोनी की ज्वेलर्स की दुकान हैं। बीती शाम वह रोजाना की तरह दुकान का सारा सामान तिजोरी में रखकर दुकान पर ताला लगाकर अपने घर चला गया। सुनील ने बताया कि देर रात करीब 3 बजकर 36 मिनट पर एएसआई कुलदीप सिंह का फोन आया कि दुकान का शटर टूट कर मुड़ा हुआ है, और दुकान में चोरी हो गई है। जिस पर मैं तुरंत अपनी दुकान पर पहुंचा तो देखा कि दुकान का सारा सामान बिखरा हुआ पड़ा हैं। दुकान में रखी हुई तिजोरी व काउटंर में रखा चांदी का सामान गायब मिला। सुनील ने पुलिस को बताया कि तिजोरी में 450 ग्राम सोने के आभूषण, 24 किग्रा. चांदी का सामान व उसमें रखे 2 लाख 72 हजार रुपये नगदी के साथ काउंटर में रखे दो किलोग्राम चांदी के बर्तन व गल्ले में रखे 12 हजार रुपये की नगदी के साथ आभूषण को चोरी कर ले गये है। उसने बताया कि साथ की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो एक पिकअप गाड़ी में सवार कुछ लोग 2 बजकर 19 मिनट पर दुकान के पास आते है और इसी दौरान गश्त कर रहा पुलिस दल आ जाता है जिसे देखकर चोर वहां से फरार हो जाते है, लेकिन जैसे ही पुलिस वहां से जाती हैं तो वो फिर से पिकअप गाड़ी लेकर आते है, और दुकान का शटर तोड़कर उसमें रखी तिजोरी व अन्य सोने चांदी के आभूषणों को चोरी कर ले गये। पीड़ित ने बताया कि चोरों ने दुकान में रखे 26 लाख रुपये की कीमत के सोने व चांदी के आभूषणों सहित 2 लाख 84 हजार रुपये भी चुरा ले गये हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का मुआयना किया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जल्द करेंगे खुलासा
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे डीएसपी मित्रपाल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पड़ोस की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज व बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज ली गई है। फिंगरप्रिंट लिये गये है, जिनकी जांच करवाई जायेगी। आईटी सेल अधिकारियों के साथ सीआईए अधिकारी भी मौके पर आए है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।