जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के राघोपुर गांव में शुक्रवार की सुबह गर्मी से राहत के लिए पंखा का स्विच चालू करते समय करेंट लगने से एक अधेड़ की मौत हो गई। दुर्घटना से घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
राघोपुर गांव निवासी स्व. हरिबृज उर्फ नान्हू यादव के पुत्र उदय नारायन यादव (48) गांव के पश्चिम स्थित अपने डेरा से सुबह करीब नौ बजे घर पहुंचे। गर्मी की वजह से वह पसीना से तर-बतर थे। इससे राहत के लिए कमरा में रखा पैडेस्टल पंखा चलाने के लिए स्विच को चालू किया। इसी दौरान करेंट का झटका लगने से वह गिर पड़े और पंखा भी उनके सीने पर पड़ा। उदयनारायन की छोटी बहू जब कमरे में पहुंची और देखा शरीर पर पंखा गिरा देखा तो शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ही पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में लोग पंखे को हटाते हुए उदयनारायन को निजी चिकित्सालय में ले गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोग जैसे ही शव लेकर घर पहुंचे, कोहराम मच गया। मौके पर मौजूद लोग बिलख रहे लोगों को सांत्वना देने में जुट गए। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि ऐसा कोई मामला उसके संज्ञान में नहीं है और न ही किसी ने ऐसी कोई सूचना या तहरीर ही दी है।