चोरी हुए रुपये बरामद, कारोबारी का चालक गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। सीमेंट व्यवसायी के प्रतिष्ठान से 22 मई को लॉकर तोड़कर दो लाख 85 हजार रुपये चोरी होने के मामले में पुलिस ने कारोबारी के चालक को गिरफ्तार कर रुपये बरामद करने का दावा किया है। पुलिस की कामयाबी से खुश एसपी ने इस मामले का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया है।
एसपी पंकज कुमार ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि संजय कालोनी थाना पुरानी बस्ती में बहलबोलिया निवासी महेन्द्र नाथ चौबे का मकान है। उन्होंने तहरीर दी कि 22 मई को सुबह सीमेंट का रैक उतरवाने माल गोदाम आ गए। सुबह करीब 11 बजे वापस लौटे तो कमरे में लॉकर का ताला टूटा मिला और करीब तीन लाख रुपये नहीं दिखे। इस सूचना पर थाना पुरानी बस्ती थाने में अज्ञात पर केस दर्ज कर शक के आधार पर महेंद्र की गाड़ी के चालक हरिशंकर यादव निवासी नेवास थाना सहजनवां जनपद गोरखपुर को पुलिस ने पूछताछ के लिए पकड़ा। पूछताछ में उसने रुपये चुराने की बात स्वीकार की। पुरानी बस्ती एसओ सर्वेश राय के साथ एसआई राम वशिष्ठ व आरक्षी रामरतन तिवारी ने इस मामले के पर्दाफाश में अहम भूमिका निभाई। माल गोदाम पर आने के बाद जैसे ही मालिक काम में व्यस्त हुए, चालक शौच जाने की कहकर संजय कालोनी के आवास पर गया और वहां लाकर तोड़कर आलमारी के रैक में रखे नोटों का बंडल झोले सहित उठा ले गया। राजा मैदान में गोशाला के पास झाड़ी में रुपये छिपाकर करीब नौ बजे वापस गोदाम पर आ गया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुए नकदी एवं पैनकार्ड की छाया प्रति झोला सहित बरामद किया गया।