दिलदारनगर (गाजीपुर)। पुलिस ने शुक्रवार की शाम क्षेत्र के उसिया गांव में स्थित एक मकान में छापेमारी की। इस दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि सात भागने में सफल हो गए। पुलिस टीम ने मौके से एक तमंचा, दो कारतूस, गोवंश के मांस के अवशेष, दो कुल्हाड़ियां, पांच छोटे और तीन बड़े चाकू बरामद किए गए। सभी को संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
शुक्रवार की शाम प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव को सूचना मिली कि उसिया गांव में स्थित एक मकान में काफी समय से गौ मांस की तस्करी का धंधा चल रहा था। इस पर पुलिस टीम ने दोपहर बाद करीब तीन बजे उसिया गांव स्थित नूरहसन के मकान में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही अंदर मौजूद लोग भागने लगे। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया जबकि सात लोग भागने निकले। पुलिस ने मौके से गोवंश का मांस, दो कुल्हाड़ियां, आठ चाकू, 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस बरामद किया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि छापेमारी में नूरहसन कुरैशी, सेराज कुरैशी निवासी उसिया तथा जंगीपुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरनगर निवासी फैयाज बंजारा को गिरफ्तार किया गया जबकि सात आरोपी भाग निकले। गिरफ्त में आए अभियुक्त काफी समय से गौ मांस की तस्करी में लिप्त थे।