मरदह। थाना क्षेत्र के भवानीपुर दुर्खुर्शी गांव स्थित अंबेडकर प्रतिमा को मंगलवार की रात अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। जिसमें प्रतिमा की एक उंगली टूट गई। बुधवार की सुबह इसकी जानकारी होते ही लोग आक्रोशित हो उठे। ग्रामीण मूर्ति की मरम्मत और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने आश्वासन देकर लोगों को किसी तरह शांत कराया। इसके पूर्व भी अराजकतत्वों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का काम किया था।
बुधवार को दुर्खुशी गांव के लोग सुबह जब प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखे तो उनमें आक्रोश फैल गया। इसके बाद प्रतिमा स्थल पर भीम आर्मी के सदस्यों समेत सैकड़ों दलित समुदाय के लोगों की भीड़ जुट गई। अराजकतत्वों की गिरफ्तारी एवं प्रतिमा मरम्मत, सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम कराने के मांग को लेकर विरोध प्रकट करने लगे। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस लोगों को समझाने लगी तथा कारवाई का भरोसा देते हुए मामला शांत कराना चाहा, लेकिन बात नहीं बनी। ग्रामीण उच्चाधिकारियों को बुलाने पर अड़ गए। कासिमाबाद सीओ महमूद अली मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों की मांगों पर बिंदुवार बात की। ग्रामीणों का कहना था कि बार -बार इस प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर गांव की शांति को बिगाड़ने का प्रयास किया जाता है। सुरक्षा नहीं रह गई है। सीओ ने कारवाई का भरोसा देते हुए ग्रामीणों को समझाया। कहा कि तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज किया जाएगा और अराजक तत्वों के खिलाफ विधिक कारवाई की जाएगी। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। इस मौके पर एसओ शैलेश सिंह यादव, एसआई नागेश्वर तिवारी, एसआई राजेश्वर सिंह, एसआई जयप्रकाश सिंह, एसआई विनय कुमार तैनात रहे। इस मौके पर विरोध प्रकट करने में मुकेश कुमार, गौतम, मुन्ना, वीरेन्द्र, राजकुमार, रवीन्द्र, मुरत राम, सदानंद, पंकज, मनोज आदि मौजूद रहे।