जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की एक युवती के साथ बुधवार रात गांव के ही एक युवक द्वारा छेड़खानी करने का मामला प्रकाश में आया। गुरुवार पुलिस ने युवक का शांतिभंग में चालान कर जेल भेज दिया।
एक की युवती देर शाम खेत के तरफ गई थी। पहले से घात लगाकर बैठा गांव का ही युवक युवती के साथ छेड़छाड़ करने लगा। युवती के शोर मचाने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। इसी बीच किसी ने कोतवाली पुलिस को इस घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से युवक को छुड़ाया और हिरासत में लेकर कोतवाली आई। पूरी रात जब पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली तब पुलिस ने युवक का शांतिभंग में चालान कर जेल भेज दिया। जबकि ग्रामीणों का कहना है कि पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को युवक के खिलाफ छेड़खानी की तहरीर दी गई थी। इस संबंध में कोतवाल राजराम ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। इससे युवक का शांतिभंग में चालान कर जेल भेज दिया गया।