पल्हना/मेहनाजपुर/तरवां। तरवां थाना क्षेत्र के भरथीपुर गांव के पास जीप रोककर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने सेल्समैन को तमंचे के बट से घायल कर 2.50 लाख रुपये लूट लिया। वह दुकान के बिक्री की रकम लालगंज बाजार स्थित अपनी आफिस में जमा करने जा रहा था। वारदात गुरुवार की सुबह साढ़े आठ बजे की है। होश में आने के बाद उसने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर सीओ लालगंज, एसओ तरवां आदि पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गए। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट नहीं दर्ज हो सकी थी।
शहर के रहने वाले कृष्णमुरारी जायसवाल की तरवां थाना क्षेत्र के परमानपुर बाजार में अंग्रेजी शराब की दुकान है। जहां पर संत
कबीरनगर जिले के धर्माडीहवां थाने के इधरपार गांव निवासी कृष्ण कुमार उपाध्याय सेल्समैन का काम करता है। होली का त्यौहार होने की वजह से बुधवार को अंग्रेजी शराब की बिक्री अधिक हुई थी। देर रात तक दुकान से बिके हुए शराब की रकम करीब 2.50 लाख रुपये तक होने पर गुरुवार को कृष्णकुमार उपाध्याय रकम को एक झोले में रखा और सवारी जीप में बैठकर लालगंज बाजार में स्थित आफिस में पैसा जमा करने जा रहा था। जीप में उसके अलावा दो से तीन यात्री और मौजूद रहे। जैसे ही जीप भरथीपुर गांव के पास स्थित एक महाविद्यालय के पास पहुंची कि पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे। बदमाशों में एक हेलमेट लगाया था। जबकि पीछे बैठा बदमाश मुंह बांधे हुए थे। दोनों ने जीप को रोकवा दिए और कृष्णकुमार के पास मौजूद झोला छीनने लगे। उसने झोला देने से मना किया तो बदमाश तमंचे की मुठिया से उसके सिर पर हमला कर घायल कर दिया और रुपये से भरा झोला छीन लिए। इसके बाद हवाई फायरिंग किए और फरार हो गए। उधर सिर में चोट लगने से सेल्समैन घायल हो गया। जीप चालक ने उसे स्थानीय डाक्टर के यहां भर्ती कराया। इलाज के बाद सेल्समैन ने अनुज्ञापी और पुलिस को घटना की सूचना दी।
000000
प्रथम दृष्टया यह पूरी घटना संदिग्ध लग रही है। घटना के संबंध में अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है। - संतोष सिंह, सीओ लालगंज
×××××××××××××××××××××××
गैस और शराब सेल्समैन लुटेरों के निशाने पर
बिलरियागंज में लूट की घटना को पुलिस ने बताया चोरी
ताबड़तोड़ लूट की घटनाओं का नहीं हुआ खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
आजमगढ़। कुछ छिटपुट अपराधियों को मुठभेड़ में ढेर कर कानून व्यवस्था को नियंत्रण में करने का दावा करने वाली पुलिस का लालगंज क्षेत्र के अपराधियों पर कोई नियंत्रण नहीं दिख रहा। बेखौफ लुटेरे जहां क्षेत्र के गैस एजेंसी और शराब की दुकान के सेल्समैन को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे वहीं पुलिस घटना के खुलासा करने की बजाय घटना को संदिग्ध साबित करने में अपनी पूरी ताकत लगा दी है, तो बिलरियागंज क्षेत्र में गत दिनों हुई लूट की घटना को चोरी की धारा में दर्ज कर मामला का पटाक्षेप कर दी है।
घटनाओं पर गौर करें तो तरवां थाना क्षेत्र के परमानपुर बाजार में स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान का सेल्समैन कृष्ण कुमार उपाध्याय को गुरुवार की सुबह एक बाइक पर सवार दो बदमाश घायल कर 2.50 लाख रुपये लूट लिया। जबकि इस घटना से पहले 20 फरवरी को बिलरियागंज थाना क्षेत्र के अंडाखोर टिकरिया गांव निवासी मो. दानिश अस्पताल में भर्ती अपनी मां के इलाज के लिए बैंक से रुपये निकालकर अस्पताल जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार बदमाश बिलरियागंज ब्लाक गेट पर उसे तमंचा सटाकर 47 हजार रुपये लूट लिया। पुलिस इस घटना को चोरी की मामूली धारा में केस दर्ज कर मौन साध गई है। इसीक्रम में बेखौफ बदमाश 19 फरवरी को गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोसाई की बाजार के पास भाजपा नेता और लालगंज नगर पंचायत के चेयरमैन विजय सोनकर के गैस एजेंसी के कर्मचारियों को तमंचे से भयभीत कर करीब 39 हजार रुपये लूट लिया। जबकि इसके पूर्व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद राय के गैंस एजेंसी पर काम करने वालों को तमंचा से आतंकित कर बरदह थाना क्षेत्र के हदिसा दयालपुर गांव के पास 65 हजार रुपये, दो मोबाइल और गाड़ी की चाबी लूटकर फरार हो गए। पुलिस इन घटनाओं में लिप्त बदमाशों का अब तक पता नहीं लगा सकी।
000000
लूट की घटनाओं को खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है। सभी टीमें अपने-अपने स्तर से काम कर रही हैं। जल्द ही इसके परिणाम लोगों के समक्ष मौजूद होंगे। - सुभाष चंद्र गंगवार, एसपी सिटी