दुबिहां। बड़ेसर थाना क्षेत्र के परसा-तिराहीपुर मार्ग स्थित अमवां सिंह सती माई गेट के पास बुधवार की सुबह बैंक मित्र को गोली मारकर लूट की वारदात के मामले में घायल के भाई ने देर रात अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पूरी रात लुटेरों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। गुरुवार को जख्मी युवक ट्रामा सेंटर से घर आ गया। पीड़ित के घर पहुंची पुलिस ने घायल से बदमाशों का हुलिया पूछा। पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि पुलिस बहुत जल्द लुटेरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करेगी।
मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के परानपुर गांव निवासी दयाशंकर यादव (30) बाराचंवर चट्टी पर मकान बनाकर रहता है। वह बैंक मित्र भी है। बुधवार की सुबह वह बैग में 7, 07, 130 रुपये नकदी और लैपटाप रखकर ग्राहकों को पैसा देने के लिए बाइक से निकला था। इस दौरान परसा-तिराहीपुर मार्ग पर अमवां सिंह सती माई गेट के समीप बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने बाए कंधे में गोली मार दिया था, जिससे दयाशंकर बाइक सहित गिर पड़ा। उसके गिरते ही बदमाश बैग छीनने लगे थे। इस पर दयाशंकर उनसे भिड़ गया था। उसके द्वारा शोर मचाने पर आस-पास के लोग मौके की तरफ पड़े थे, पकड़े जाने से भय से बदमाश बैग सहित नकदी लेकर फरार हो गए थे। घायल दयाशंकर को पहले जिला अस्पताल और यहां से ट्रामा सेंटर वाराणसी ले जाया गया था। इस वारदात से पुलिस महकमे में खलबली मच गई थी। वह बदमाशों की तलाश में जुट गई थी। घायल गुरुवार को घर चला आया। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी चंद्रपाल शर्मा ने बताया कि बुधवार की देर रात घायल के भाई संतराम यादव की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घायल ट्रामा सेंटर से घर पर आ गया। उससे बदमाशों की हुलिया की जानकारी ली गई। पुलिस बदमाशों के काफी करीब पहुंच चुकी है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।