दिलदारनगर/सेवराई (गाजीपुर)। दिलदारनगर थाने के एक गांव में बुधवार की देर रात एकतरफा प्यार में पागल एक सिरफिरे युवक ने युवती के घर घुसकर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। वाकया उस समय हुुुआ जब युवती घर में अकेली थी। घटना की जानकारी होते ही परिजन रोने-बिलखने लगे। आनन-फानन में घायल युवती को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे एक निजी अस्पताल ले गए। घटना की सूचना पुलिस को दी। युवती की मां ने आरोपी युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई।
पीड़ित युवती की मां ने पुलिस को बताया कि देर शाम युवती गांव के दक्षिण मुहल्ले के तरफ जा रही थी। इसी दौरान गांव का ही युवक छेड़खानी करने के साथ शादी करने का दबाव बनाने लगा। इस पर जब युवती ने विरोध किया तो युवक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। जब- तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे युवक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन युवती को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। घायल युवती की मां के तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। युवती को मेडिकल के लिए भेजा गया है। इस संबंध में सीओ आरबी सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।