सेवराई(गाजीपुर)। रेलवे में नौकरी का झांसा देकर दर्जनों युवकों से लाखों रुपये ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को बिहार पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से रेवतीपुर थाना क्षेत्र के उतरौली पुल के पास से बीते दिनों गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद बिहार पुलिस उसे अपने साथ लेकर चली गई।
गहमर थाना क्षेत्र के शायर गांव निवासी रामकृष्ण कुशवाहा के पुत्र अजीत कुमार कुशवाहा ने बिहार के राजपुर थाना में शिवा मौर्य और उसके भाई लालबहादुर मौर्य, रामप्रकाश कुशवाहा ग्राम पजराव थाना नुआंव जिला कैमूर, दीपक मौर्य एवं मुकेश यादव बलिया सहित कुल छह लोगों के खिलाफ तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। तहरीर में उसने आरोप लगाया कि इन लोगों द्वारा गाजीपुर जनपद के सेवराई तहसील अंर्तगत गहमर, शायर, मनिया, करंडा, पचोखर, सादात आदि सहित बिहार प्रांत के कई युवाओं को रेलवे में नौकरी देने का झांसा देकर करोड़ो रुपये की ठगी की गई है। इस मामले में बिहार पुलिस बीते 15 फरवरी को रेवतीपुर थाना पहुंची। थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया। शाम करीब तीन बजे पुलिस टीम ने रेवतीपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव निवासी आरोपी शिवा मौर्य को उतरौली पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। बिहार पुलिस उसे अपने साथ लेकर चली गई। इस संबंध में राजपुर थाना के एसएसआई विनय तिवारी ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। बताया कि गिरफ्त में आया आरोपी शिवा मौर्य अपने श्वसुर के रेलवे में अधिकारी होने की बात बता कर रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर झांसा दे कर लोगों से मोटी रकम लेता था।