जमानिया(गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के ताजपुर गांव में गुरुवार की रात एक दुकानदार ने कमरे की छत पर लगे पंखे में साड़ी का फंदा बना कर उस पर झूल गया। शुक्रवार को परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
ताजपुर गांव निवासी शिवकुमार (45) नपा क्षेत्र के पांडेय मोड़ पर छह माह से इलेक्ट्रानिक की दुकान चलाता था। देर शाम वह दुकान बंद कर घर पहुंचा और खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। जब घर के सदस्य भोर में उठे तो देखा कि दरवाजा खुला था। इस पर सदस्य जब कमरे के अंदर गए तो देखा कि दुकानदार का शव कमरे की छत में लगे पंखे से साड़ी के फंदे के सहारे लटक रहा है। यह देख परिजन चीखने-चिल्लाने लगे। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुन कर दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। परिजनों ने ग्रामीणों के सहारे दुकानदार का शव नीचे उतारा। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन परिजनों ने बिना सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। घटना के बाबत पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।