गाजीपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल छात्र को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
सादात संवाददाता के अनुसार शादियाबाद थाने के हुरमुजपुर गांव स्थित एक इंटर कॉलेज के सामने रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। छानबीन में पुलिस को मृतक के पास मिले मोबाइल से उसकी शिनाख्त आजमगढ़ के तरवां थाने के उचहुआं गांव निवासी चंदन राम (22) पुत्र शिवकुमार राम के रूप में हुई। इसकी सूचना परिजनों ने थाने पहुंचकर दी। उनके थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। जमानिया संवाददाता के अनुसार स्थानीय रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की देर शाम बिहार प्रांत के भोजपुर जिले के बहुआरा गांव निवासी धीरेंद्र कुमार (18) इंदौर-राजेंद्र नगर एक्सप्रेस ट्रेन से होली पर्व मनाने घर जा रहे थे। अचानक ट्रेन से पैर फिसलने से रेलवे स्टेशन के डाउन प्लेटफार्म पर गिर गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यात्रियों की सूचना पर पुलिस ने घायल को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने इस घटना की जानकारी परिजनों को दी। घटना की जानकारी होते ही परिजन निजी अस्पताल पहुंच गए।