भांवरकोल। थाना क्षेत्र के शेरपुर कला गांव के पूर्वी छोर स्थित उपटा गांव के बाहर शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक के सिर में गोली लग गई। उसके शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घटना के पीछे युवती से छेड़खानी करने की भी चर्चा है। हालांकि युवक को गोली कैसे लगी, यह बताने को कोई तैयार नहीं है। मामले में घायल युवक के पिता की तहरीर पर गांव की ही एक युवती के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।
शेरपुर कला निवासी नारद यादव (40) गांव से बाहर कहीं जा रहे थे। इसी बीच किसी ने पीछे से उनके सिर में गोली मार दी। नारद लहूलुहान हो जमीन पर गिर पड़े और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। घायल की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकरी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। गोली क्यों, कैसे और किसने चलाई? यह पता नहीं चल पाया है। हालांकि घायल युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने एक युवती के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी युवती को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। जबकि ग्रामीण इसे लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। पुलिस की मानें तो गोली से घायल युवक मनबढ़ किस्म का था और गोली मारने वाला घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया है। इलाके में इस बात की भी चर्चा है कि युवती के साथ छेड़खानी करने के दौरान गोली चलने से युवक घायल हुआ है। जबकि परिजन तथा अन्य लोग इस बात से इंकार कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। इस संबंध में मुहम्मदाबाद सीओ अनिल राय ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की छानबीन की जा रही है। प्रथम दृष्टया छेड़खानी का कोई मामला प्रकाश में नहीं आया है। ऐसे पुलिस सभी बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है।