नंदगंज। थाना क्षेत्र के फतेउल्लाहपुर स्थित काशी गोमती ग्रामीण बैंक में रविवार की रात चोर खिड़की का सरिया काटकर अंदर घुस गए। कैश रूम तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। असफल होने पर चोर सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर बाक्स और मानिटर लेकर चंपत हो गए। सुबह बैंक खुलने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। चोरों द्वारा बैंक में चौथी बार चोरी का प्रयास किया गया है।
मालूम हो कि क्षेत्र के फतेउल्लाहपुर स्थित काशी गोमती ग्रामीण बैंक में रविवार की रात किसी समय चोर खिड़की का सरिया काटकर अंदर घुस गए। इसके बाद कैश रूम तो तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर चोर सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर के साथ मानिटर लेकर चंपत हो गए। सोमवार की सुबह जब कर्मी बैंक पहुंचा तो खिड़की का कटा सरिया देख उसके होश उड़ गए। अंदर गया तो देखा कि कैश रूम को तोड़ने का प्रयास किया गया है और डीवीआर तथा मानिटर गायब था। उसने तत्काल इसकी जानकारी अधिकारियों के साथ पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल की। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनीत राय ने बताया कि चोर खिड़की की सरिया काटकर अंदर घुसे थे, कैश रूम को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शाखा प्रबंधक महेंद्र राम द्वारा दी गई तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया गया जाएगा। बताया कि बैंक में इससे पहले भी चोर चार बार चोरी का प्रयास कर चुके हैं। बैंक एकदम सुनसान जगह पर है। इससे यह घटना हो रही है। अधिकारियों को चाहिए कि रात में या तो बैंक में गार्ड की व्यवस्था करें या फिर इस स्थान से बैंक को हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाएं।