भांवरकोल। पुलिस ने शुक्रवार की सुबह क्षेत्र के क्षेत्र भांवरकोल चट्टी से दहेज हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। संबंधित धाराओं में उसका चालान कर जेल भेज दिया। वहीं अन्य तीन अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई।
मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के शाहनिंदा निवासी उमाशंकर गुप्ता की पुत्री सुधा (30) की शादी दस वर्ष पहले भांवरकोल थाना क्षेत्र के श्रीगंज गांव निवासी डिंपू गुप्ता से हुई थी। बीते बुधवार की दोपहर मकान के कमरे में लगे पंखे में रस्सी के सहारे संदिग्ध अवस्था में सुधा का लटकता हुआ शव मिला था। जानकारी मिलते ही मायके के लोग वहां पहुंच गए थे और घटना से पुलिस को अवगत कराया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतका के पिता उमाशंकर गुप्ता ने बेटी के पति, सास, जेठ और जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी थी। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव ने बताया कि आरोपी पति डिंपू गुप्ता को शुक्रवार की सुबह भांवरकोल चट्टी से गिरफ्तार कर लिया। संबंधित धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। वह भी जल्द पुलिस के फंदे में होंगे।