कासिमाबाद। बरेसर थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद गांव में बुधवार को कुंआ में गिरे मोबाइल को निकालने के लिए उतरे एक नेत्रहीन युवक की जहां मौत हो गई, वहीं दो युवक गैस की जद में आने से अचेत हो गए। उपचार के लिए उन्हें मऊ ले जाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के संबंध में बताया गया है कि भोजपुर गांव में स्थित कुंआ में विरेंद्र यादव की मोबाइल गिर गई थी। उसे निकालने के लिए उसने हुसैनाबाद गांव निवासी स्वरूप राजभर के नेत्रहीन पुत्र मनोज राजभर (38), जो कुंआ में उतरने का माहिर था, को बुलाया गया था। सुबह करीब आठ बजे मनोज मोबाइल निकालने के लिए कुंआ में उतरा। जब वह काफी देर तक कुंआ से बाहर नहीं निकला तो वहां मौजूद लोग परेशान हो गए। मनोज क्यों नहीं बाहर निकला, इसकी जानकारी करने के लिए गांव के शैलेंद्र यादव (25) और ओमप्रकाश राम (22) भी कुंआ में उतर गए तथा बेहोश हो गए। यह देख वहां खड़े लोगों को यह समझने में देर में नहीं लगी कि शायद कुआ से जहरीली गैस निकल रही है। फिर क्या था, लोग शोर मचाने लगे। कुछ ही देर में मौके पर दर्जनों ग्रामीण एकत्र हो गए। लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी बरेसर थानाध्यक्ष राजाराम को दी। कुछ ही देर में वह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए और घटना से फायर ब्रिगेड को अवगत कराया। मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों में कुआ में पानी भरवाकर तीनों युवकों को बाहर निकाला, लेकिन मनोज राजभर की मौत हो चुकी थी, जबकि शैलेंद्र और ओमप्रकाश की सांस चल रही थी। परिवार के आनन-फानन में दोनों को उपचार के लिए मऊ ले गए, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी लेने के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस घटना से जहां मृतक के घर कोहराम मच गया। वहीं गांववासियों में शोक की चादर तन गई।