नंदगंज। थाना क्षेत्र के नैसारा गांव में मंगलवार की रात चोरों ने एक मकान में घुसकर पंद्रह हजार नकदी सहित करीब 40 हजार के आभूषण चुरा ले गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से जानकारी लेने के साथ ही मामले की जांच-पड़ताल की।
नैसारा गांव निवासी बच्चेलाल यादव का परिवार रोज की तरह मंगलवार की रात भी खाना खाने के बाद सो गया। देर रात किसी समय चोर मकान के पिछले हिस्से से छत के रास्ते कमरे में घुस गए और अंदर रखा बक्सा उठा ले गए। घर से करीब 100 मीटर दूर पचारा गांव में जाने वाले रास्ते पर बक्सा को तोड़कर उसमें रखा 15000 नकदी के साथ ही लगभग 40000 का जेवरात लेकर चंपत हो गए। बच्चे लाल का पुत्र चंद्रभूषण यादव सुबह जगने के बाद जब कमरे में गया तो देखा कि बक्सा गायब है। उसने इसकी जानकारी परिवार वालों को दी। तभी लोगों को पता चला कि पचारे गांव के पास रास्ते पर एक बक्सा पड़ा है। परिवार के लोग वहां गए तो देखा कि उनका बक्सा था और उसमें रखा नकदी तथा जेवरात गायब था। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से घटना के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही मामले की जांच-पड़ताल की। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तरफ से तहरीर मिली है। मामले की छानबीन शुरु कर दी गई है। जल्द को चोरों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।