गाजीपुर। गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से शहर के स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के जीडीसीए मैदान पर गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग आयोजित की गई है। सोमवार को तीसरा मैच सीपीसी येलो और अजंता बी के बीच खेला गया जिसमें सीपीसी येलो की टीम ने पवन राय के नाबाद आतिशी दोहरे शतक की बदौलत 252 रन से शानदार जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीपीसी येलो की टीम ने पवन राय के नाबाद आतिशी दोहरे शतक 125 गेंद में 226 रन तथा सुनील कुशवाहा के 81 गेंद पर बनाए गए 118 रन की बदौलत निर्धारित 40 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 403 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। अजंता बी की तरफ से कप्तान साहिल चौरसिया, आयुष्मान यादव एवं अर्सलान ने 1-1 विकेट लिया। 404 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अजंता बी की टीम 26वें ओवर में मात्र 151 रनों के स्कोर पर सिमट गई।
टीम की ओर से समीर यादव ने सर्वाधिक 33 रन बनाए। सीपीसी येलो की तरफ से कप्तान अश्विनी राय ने 2, सूर्यांश, सत्यम तिवारी, वंश सिंह, महातिम यादव, सुनील कुशवाहा एवं दिव्यांश सिंह ने 1-1 विकेट लिया। आज के मैच में स्मृति राय एवं भावेश शंकर राय ने अंपायर तथा मनीष एवं दिव्यांश सिंह ने स्कोरर की भूमिका निभाई।