ग्राम पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में प्रधान और सदस्य पद के लिए शनिवार को हुए मतदान के दौरान बिरनो ब्लाक के कोर गांव में प्राथमिक विद्यालय मतदान केंद्र बूथ संख्या एक और दो पर फर्जी मतदान के विवाद में दो
प्रत्याशी समर्थकों में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में एक पक्ष के करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। नाराज समर्थकों ने मतदान केंद्र में तोड़फोड़ करने के साथ दो मतपेटियों में पानी डाल दिया। हंगामा शुरू होते ही मतदान
कर्मी और पुलिसकर्मी बूथ से भाग खड़े हुए। मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने हंगामा कर रहे लोगों को बूथ से खदेड़ा। दूसरी मतपेटी मंगाकर तीन घंटा बाद मतदान शुरू कराया गया।
बिरनो ब्लाक के कोर गांव में प्राथमिक विद्यालय मतदान केंद्र पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। करीब पौने आठ बजे एक-दो प्रत्याशियों के समर्थकों के नाबालिग लड़की से फर्जी मतदान कराने की बात को लेकर कहासुनी होने लगी।
देखते ही देखते मामला बढ़ गया और लाठी-डंडा चलने लगे। इस मारपीट में एक पक्ष के करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। नाराज समर्थकों ने बूथों पर घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। कुर्सियों को तोड़ने और बाहर फेंकने के साथ ही दो
मतपेटियों में पानी डाल दिया। हंगामा शुरू होते ही मतदान कर्मी और पुलिसकर्मी वहां से भाग खड़े हुए। एक पुलिस कर्मी भी घायल हो गया। सूचना मिलते ही मुहम्मदाबाद एसडीएम त्रिभुवन विश्वकर्मा, एसपी ग्रामीण, सदर एसडीएम
नेहा प्रकाश, सीओ राममोहन सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने हवा में लाठी भांजकर दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों को वहां से खदेड़ा। जो मत पड़े थे, उसे रद्द कर दिया गया। दूसरी मतपेटी मंगाकर तीन घंटे बाद 11 बजे
मतदान शुरू कराया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष नेहार नंदन ने बताया कि अगर पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर मिली तो मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मरदह ब्लाक के डोड़सर गांव में मतदान करने के बाद घर लौटते के समय एक समर्थकों ने अपने प्रत्याशी को वोट देने की बात को लेकर एक व्यक्ति को लोहे के राड से मारकर घायल कर दिया। उसका उपचार प्राथमिक स्वास्थ केंद्र
पर कराया गया। इस मामले में पीड़ित ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
डोड़सर गांव निवासी भोला प्रसाद (45) मतदान कर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में दूसरे प्रत्याशी के समर्थक
मनोज राम ने उसे रोक लिया और यह कहने लगा कि जब तुमने मेरे प्रत्याशी को वोट नहीं दिया है तो मेरे दरवाजे से होकर क्यों जा रहे हो, दूसरे रास्ते से जाओ। इसी बात को लेकर भोला और मनोज में कहासुनी होने लगी। इसी
बीच मनोज ने लोहे के राड से मारकर भोला को घायल कर दिया। उसका उपचार प्राथमिक स्वास्थ केंद्र पर कराया गया। इस मामले में पीड़ित ने मनोज राम के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष नेहार नंदन ने बताया
कि रिपोर्ट दर्ज आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।