मुहम्मदाबाद। जिला सहकारी बैक शाखा के परिसर में शुक्रवार को सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इसमें मुहम्मदाबाद एवं कासिमाबाद तहसील के सभी सहकारी समितियों के कार्यों की समीक्षा की गई। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अंशल कुमार ने मुहम्मदाबाद एवं कासीमाबाद तहसील की समस्त साधन सहकारी समितियों के सचिवों से एक-एक कर उनके द्वारा की गई वसूली की समीक्षा की। खराब वसूली वाली समिति के सचिवों को चेतावनी देते उन्हें 30 अप्रैल तक लक्ष्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया। अंशल ने कहा कि प्रमुख सचिव सहकारिता द्वारा 100 दिन के लिए जो रोड मैप दिया गया है, उसे हर हालत में पूर्ण करना है।
जिला सहकारी बैंक गाजीपुर के सचिव /मुख्य कार्यपालक अधिकारी कैलाश चंद्र ने कहा कि ऋण वितरण के लिए जो रोड मैप 100 दिन, छह माह और एक वर्ष के लिए दिया गया है, उसे समय पर पूरा करे। उन्होंने संतुलन पत्र बनाने की स्थिति, ऑडिट एवं आडिट अनुपालन की विस्तृत जानकारी लिया और कहा कि अब परिस्थितियां बदल गई हैं, सब कुछ डिजिटल और कंप्यूटरीकरण का युग है। केंद्र सरकार सभी समितियों को कंप्यूटरीकरण करने जा रही है, इसलिए सभी लोग अपनी समितियों के सभी कार्य अद्यतन कर लें। नए सदस्य बनाकर ऋण वितरण करे और तकाजा कर एनपीए की वसूली तेज करें। इसके साथ ही विद्युत विल वसूली, माइक्रो एटीएम से खाता खोलने ,सदस्यता वृद्धि आदि पर जोर दिया। बैठक में अपर जिला सहकारी अधिकारी राधेश्याम सिंह, सहायक बिकास अधिकारी कन्हैया लाल मौर्य, सतीष कुमार, शाखा प्रबंधक विजय कृष्ण यादव, दिग्विजय सिंह यादव, आनंद कुमार त्रिपाठी आदि लोग मौजूद रहे।