मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण ने मंगलवार को हौसला पोषण मिशन के तहत स्वयं के गोद लिए गए औड़िहार गांव में मिशन के अनुश्रवण एवं निरीक्षण कार्यक्रम में पहुंचे। कहा कि शिक्षित महिला और स्वस्थ बच्चे ही बेहतर समाज की संरचना करते हैं। कुपोषण तमाम समस्याओं का मूल कारण है। गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान होने वाली समस्याओं से उबारने तथा माताओं एवं नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के लिए हौसला पोषण मिशन कार्यक्रम योजना चलाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में चल रहे इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना के तहत प्रसव सेवाएं, टीका एवं प्रसवोपरांत शिशु को विभिन्न संक्रामक रोगों से सुरक्षित करने एवं कुपोषण से बचाना है। इस क्रम में गांव एवं मुहल्ले की निचली इकाई से जनपद मुख्यालय तक यह योजना चलाई जा रही है।
योजनाओं के क्रियान्वयन में सरकारी तंत्र की जिम्मेदारी के साथ सामाजिक तंत्र का सहयोग उनकी सफलता का आधार बनता है। मंडलायुक्त लाभार्थी महिलाओं से मिशन के द्वारा दिए गए एवं किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। कई बच्चों का वजन कराकर पुरानी चार्ट से मिलान कराया।
जिलाधिकारी संजय खत्री ने कहा कि स्वस्थ बच्चे स्वस्थ और मजबूत समाज बनाते है। बच्चों के अधिकांश रोगों का कारण गंदगी एवं खान-पान में जागरूकता का अभाव है।साफ-सफाई का ध्यान देकर एवं खान-पान में दाल, हरी सब्जियों तथा मौसमी फलों का प्रयोग कर बच्चों को कुपोषण से बचाया जा सकता है। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी आरती सिंह, सीडीपीओ सैदपुर नीलम दुबे, सीएमओ डा. जनार्दन मणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रविशंकर छवि, उपजिलाधिकारी एसपी श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रभात कुमार, नायब तहसीलदार नूपूर सिंह आदि मौजूद थे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजन सिंह ने सभी अधिकारियों का स्वागत किया।