थाना क्षेत्र के कटघरा बौरी सुल्तानपुर गांव के रहने वाले बालक-बालिका शनिवार से लापता थे। परिवार के लोग उनकी तलाश में जगह-जगह भटक रहे थे। उनका कहीं पता न चलने पर घर वालों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई। इसी बीच मंगलवार की सुबह घर के सामने स्थित पोखरे में दोनों की लाश उतराई मिली। शव को पोखरे से बाहर निकाला गया। मासूमों को देख मृतकों के परिवार वाले चीत्कार उठे।सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है।
बौरी सुल्तानपुर गांव निवासी आजाद का बेटा सलमान (पांच) और उनके पड़ोसी इसराइल की बेटी ब्यूटी (पांच) शनिवार की शाम घर से खेलते हुए निकल गए थे। अंधेरा होने पर जब दोनों कहीं नहीं दिखाई दिए तो परिवार के लोग परेशान हो उनकी खोजबीन करने लगे। दोनों की काफी तलाश की गई, लेकिन कहीं अता-पता नहीं चला। इसके बाद परिवार के लोगों ने रविवार को थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस मामले की छानबीन कर ही रही थी कि मंगलवार की सुबह गांव की एक किशोरी इसराइल के घर के सामने पोखरी में दोनों उतराए हुए शव को देखकर शोर मचाने लगी।
उसकी आवाज सुनकर आजाद, इसराइल सहित आस-पास के लोग घर से निकलकर मौके पर पहुंच गए। देखा कि सलमान और ब्यूटी का शव पानी के ऊपर उतराया हुआ था।जिसे भी घटना की जानकारी हुई वे मौके पर पहुंच गये। जानकारी होने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिवार वालों से पूछताछ के बाद लोगों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया और पीएम के लिए भेज दिया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना को लेकर यह कयास लगाया जा रहा है कि पोखरी में गुलमोहर का एक पेड़ गिरा है। इसी पर खेलते वक्त बच्चे पोखरी में गिर गए होंगे।