सीएमओ डॉ. एसके पांडेय ने सोमवार की देर शाम पत्र जारी कर मेदनीपुर न्यूपीएचसी के डॉक्टर सहित चार का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया। साथ ही अनुपस्थित रहने पर तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा।
रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेले में अनुपस्थित रहने की खबर को अमर उजाला ने सोमवार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने तत्काल कार्रवाई की।
सप्ताह के प्रत्येक रविवार को न्यूपीएचसी पर जन आरोग्य मेले का आयोजन किया जाता है। अमर उजाला ने आयोजित जन आरोग्य मेले में मरीजों को मिल रही चिकित्सकीय सुविधाओं की पड़ताल कराई थी, जिसमें मेदनीपुर न्यू पीएचसी पर एएनम और वार्ड व्याय मरीजों का उपचार करते मिले थे।
वहां तैनाती के बावजूद चिकित्सक, फार्मासिस्ट और दो एलटी अनुपस्थित थे। ऐसे में मरीजों को हो रही परेशानी को देखते हुए अमर उजाला ने 13 अक्टूबर को जांच- उपचार तो दूर अस्पतालों में लटके मिले ताले शीर्षक के साथ खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी।
सीएमओ डॉ. सुनील पांडेय ने बताया कि खबर का संज्ञान लेने के साथ मेदनीपुर में तैनात आयुष चिकित्सक डॉ. शैलेंद्र बिंद, आयुष फार्मासिस्ट दशरथ चौधरी, एलटी रमेश राय और संविदा एलटी रानी यादव का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया गया है।
साथ ही निर्देशित किया गया है कि तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण दें। सीएमओ डॉ. सुनील पांडेय ने बताया कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के संचालन में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। अगर स्पष्टीकरण निर्धारित समय के अंदर नहीं दिया गया तो कार्रवाई के लिए पत्र शासन को भेजा जाएगा।