80 करोड़ की ठगी के मामले में गिरफ्तार अंजली ग्रुप का सीएमडी संतोष यादव। स्रोत- पुलिस विभाग
गाजीपुर। 18 फीसदी रिटर्न का लालच देकर ठगी के आरोपी ममता अंजली ग्रुप के सीएमडी संतोष यादव को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया है। उस पर जिले के करीब 50 हजार से अधिक लोगों से करीब 80 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है।
शहर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि संतोष यादव वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुनारी कादीपुर गांव का निवासी है। उसके खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज है। इसी मुकदमे में वह वांछित था। 21 सितंबर को सिब्बू कुमार आदि ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर ममता अंजली ग्रुप के सीएमडी संतोष यादव पर धोखाधड़ी करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इसमें आरोप लगाया था कि आरोपी ने 18 प्रतिशत रिटर्न का लालच देकर अपनी कंपनी द्वारा संचालित अलग-अलग स्कीम में निवेश कराया था और एक-दो माह तक उन्हें रिटर्न दिया गया। इसके बाद मई से कंपनी ने रिटर्न देना बंद कर दिया। इसी संबंध में दर्ज प्राथमिकी में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।